क्राइमयूपी

सुल्तानपुर में साइबर ठगी का बड़ा खुलासा, 3 आरोपी गिरफ्तार

लोन दिलाने के नाम पर बैंक खाते लेकर साइबर ठगी और सट्टा एप की रकम ट्रांसफर कराने का आरोप

सुल्तानपुर। साइबर अपराध के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में सुल्तानपुर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। एसपी विनीत जायसवाल के निर्देशन में साइबर क्राइम थाना पुलिस ने बुधवार को तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस का आरोप है कि ये लोग लोन दिलाने के नाम पर लोगों के बैंक खाते लेते थे और अपने सहयोगियों के साथ मिलकर उन खातों में संदिग्ध रकम ट्रांसफर कराते थे।
पुलिस के अनुसार, थाना दोस्तपुर क्षेत्र के मदनपुर कला निवासी इन्द्रजीत वर्मा के बेटे रवि कुमार ने फेसबुक पर मिले एक लिंक के जरिए मोबाइल फोन बुक किया था। मोबाइल की डिलीवरी के लिए कुछ रकम भेजने की बात कहकर उसके मोबाइल नंबर पर एक लिंक भेजा गया। लिंक पर क्लिक करते ही फोन हैक कर लिया गया और उसके बैंक खाते से कई बार में कुल ₹54,597 निकाल लिए गए।
इस मामले में साइबर क्राइम थाना सुल्तानपुर में मु0अ0सं0 45/2026, धारा 318(4) बीएनएस एवं 66(D) आईटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही थी। जांच के दौरान रकम जिन बैंक खातों में ट्रांसफर हुई, उनका विवरण खंगाला गया। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ और जांच में सामने आया कि संबंधित बैंक खाते आरोपियों द्वारा लोन दिलाने के नाम पर लिए गए थे। इसके बाद इन खातों का इस्तेमाल सहयोगियों के साथ मिलकर बाहर की कंपनियों के माध्यम से कटिंग/ट्रेडिंग/कॉरपोरेट/गेमिंग और बैटिंग (सट्टा एप) से संबंधित धनराशि ट्रांसफर कराने में किया जाता था। पुलिस के मुताबिक, संबंधित बैंक खाते के खिलाफ NCRP पोर्टल पर कुल 75 शिकायतें दर्ज हैं।
गिरफ्तार आरोपी
धीरज कुमार पाण्डेय, पुत्र जितेन्द्र पाण्डेय, निवासी बहरौली, कुतुबपुर, थाना धम्मौर, सुल्तानपुर, उम्र करीब 33 वर्ष।
आनन्द राज वर्मा, निवासी सहसमलपुर, दुल्लापुर, थाना दोस्तपुर, सुल्तानपुर, उम्र करीब 32 वर्ष।
शैलेश कुमार वर्मा, पुत्र राम सेवक वर्मा, निवासी डोमनपुर, बगियागांव चौराहा, थाना जयसिंहपुर, सुल्तानपुर, उम्र करीब 39 वर्ष।
बरामदगी
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से VIVO T3X 5G, Redmi और VIVO 1904 के तीन मोबाइल फोन, एक एटीएम कार्ड, दो चेकबुक और कुल ₹7,000 नकद बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार, बरामद नकदी में आरोपियों से क्रमशः ₹4,362, ₹1,525 और ₹1,113 शामिल हैं।
तीनों अभियुक्तों को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश करने की कार्रवाई की जा रही है।
कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम
प्रभारी निरीक्षक कंचन सिंह, उपनिरीक्षक शिवजनम यादव, हेड कांस्टेबल अंकित कुमार, कांस्टेबल विक्रम सिंह एवं कांस्टेबल राजकुमार पाल की टीम ने कार्रवाई की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Click to listen highlighted text!
error: Content is protected !!